Please wait..

अगले 3 से 4 महीने में लॉन्च होंगी 6 एसयूवी, एक-दूसरे पर भारी होंगी; अभी खरीदने की जल्दी मत करो

आने वाले कुछ महीने ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए काफी अहम हैं। क्योंकि कई एसयूवी एक साथ भारतीय बाजार में दस्तक देने वाली हैं। इसमें कुछ नए मॉडल हैं। इसलिए कुछ फेसलिफ्ट और अपडेटेड मॉडल होंगे। यानी एसयूवी के मार्केट में मुकाबला कड़ा होने वाला है। माना जा रहा है कि फेस्टिवल सीजन की शुरुआत तक 5 से 6 एसयूवी बाजार में उतारी जाएंगी। इसमें हुंडई, टाटा, होंडा समेत अन्य कंपनियों के मॉडल शामिल होंगे। ऐसे में आप नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो हम आपको यहां उनकी लिस्ट बता रहे हैं।

  1. होंडा एलिवेट
    होंडा कार्स ने भारत में अपनी अपकमिंग एसयूवी के नाम से पर्दा उठा दिया है। इसका नाम एलिवेट होगा। जापानी ऑटोमेकर होंडा ने पहली बार एलिवेट एसयूवी की बैजिंग को टीज किया है। सीआर-वी को बाजार से बंद किए जाने के बाद से कार निर्माता की यह पहली कॉम्पैक्ट एसयूवी होगी। होंडा एलिवेट एसयूवी को औपचारिक रूप से अगले महीने भारत में पेश किया जाएगा। एलिवेट के 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ आने की संभावना है। यह वही 1.5-लीटर चार-सिलेंडर यूनिट होने की संभावना है जो नई जनरेशन होंडा सिटी में उपयोग की जाती है। इस एसयूवी को अनावरण से पहले कई बार सड़कों पर परीक्षण किया गया है।
  2. हुंडई एक्सटर
    हुंडई ने अपनी नई मिनी एसयूवी एक्सटर की बुकिंग शुरू कर दी है। यानी अगर आप इस एसयूवी को खरीदना चाहते हैं तो आप इसे ऑनलाइन या डीलर के पास जाकर बुक कर सकते हैं। इसे 3 पावरट्रेन ऑप्शन में पेश किया जाएगा। इनमें 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन और स्मार्ट ऑटो एएमटी विकल्प के साथ 1.2 लीटर कप्पा पेट्रोल इंजन (ई20 ईंधन तैयार) और 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ 1.2 लीटर द्वि-ईंधन कप्पा पेट्रोल इंजन शामिल हैं। इसमें फैक्ट्री फिटेड सीएनजी का ऑप्शन भी मिलेगा। हुंडई एक्सटर को 5 वेरिएंट में पेश किया जाएगा। जिसमें S, SX, SX (O), EX, SX (O) कनेक्ट शामिल हैं। इसमें कुल 9 कलर ऑप्शन मिलेंगे। जिसमें 6 मोनो कलर और 3 ड्यूल टोन कलर ऑप्शन शामिल हैं। जिसमें दो नए रंग कॉस्मिक ब्लू और रेंजर खाकी मिलेंगे।
  3. किआ सेल्टोस फेसलिफ्ट
    कंपनी ने सेल्टोस फेसलिफ्ट मॉडल को दक्षिण कोरिया में लॉन्च कर दिया है। अब इसे भारतीय बाजार में लॉन्च करने की तैयारी चल रही है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। सेल्टोस फेसलिफ्ट के एक्सटीरियर में कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। जैसे इसमें नए डिजाइन की गई हेडलाइट्स मिलती हैं। इसमें रीडिजाइन्ड फ्रंट ग्रिल मिलेगी, जो मौजूदा मॉडल से छोटी है। फ्रंट बंपर को बड़ा किया गया है, जो ज्यादा एयरफ्लो प्रदान करेगा। इसमें नए 18 इंच के मशीन-कट डुअल-टोन अलॉय व्हील हैं जो नए पैटर्न के साथ आते हैं। इसमें एक नया कर्व्ड डैशबोर्ड दिया गया है, जिसमें 10.25 इंच डिस्प्ले का ट्विन-स्क्रीन लेआउट है, जो डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दोनों को एंकर करता है।
  4. सिट्रोएन सी 3 एयरक्रॉस
    सिट्रोएन इंडिया ने 27 अप्रैल को अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी सी3 एयरक्रॉस से पर्दा उठा दिया है। यह अपनी पुरानी सी3 हैचबैक पर आधारित मिड साइज एसयूवी है। सी3 एयरक्रॉस में सीटिंग अरेंजमेंट के लिए 5+2 सीटिंग का ऑप्शन मिलेगा। इसका 90% से अधिक हिस्सा भारत में बनाया गया है। इस मेड इन इंडिया सिट्रोएन सी3 एयरक्रॉस एसयूवी में 10 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। सिट्रोएन सी3 एयरक्रॉस को फिलहाल व्हाइट और ब्लू कलर ऑप्शन में भी पेश किया गया है। माना जा रहा है कि अगले 4 से 5 महीने में इसे भी लॉन्च कर दिया जाएगा।
  5. 5 & 6. टाटा हैरियर और सफारी फेसलिफ्ट
  6. टाटा अपनी हैरियर और सफारी फेसलिफ्ट को अक्टूबर 2023 तक लॉन्च कर सकती है। दोनों के एक्सटीरियर और इंटीरियर में अपग्रेड देखने को मिलेंगे। नया मॉडल 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल के साथ आएगा। टाटा हैरियर और सफारी को भारतीय बाजार में काफी पसंद किया जाता है। हैरियर और सफारी फेसलिफ्ट मॉडल का उत्पादन सितंबर 2023 में शुरू होने की संभावना है। इसकी कीमत का ऐलान इस साल दिवाली से पहले किया जा सकता है। कंपनी ने दोनों की रोड टेस्टिंग पहले ही शुरू कर दी है। उन्हें हाल ही में पुणे के बाहरी इलाके में परीक्षण के दौरान देखा गया था। कंपनी ने ऑटो एक्सपो 2023 में इनकी झलक दिखाई थी।

Leave a Comment